जौनसार बावर क्षेत्र में डेंगू के संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया में बीते 23 दिनों में 100 मरीजों की रैपिड एंटीजन जांच की गई, जिसमें से 35 मरीज पॉजिटिव पाए गए। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने आइसोलेशन बेड की संख्या को चार से बढ़ाकर 12 कर दिया है।
शनिवार को सीएचसी साहिया में बुखार से पीड़ित 40 मरीज ओपीडी में दिखाने आए। सभी मरीजों की रैपिड एंटीजन जांच करवाई गई, इनमें से दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बिक्रम सिंह तोमर ने बताया कि अगस्त में संदिग्ध लक्षणों वाले 11 मरीजों की रैपिड एंटीजन जांच की गई। जांच रिपोर्ट एक भी मरीज पॉजिटिव नहीं पाया गया।
उन्होंने बताया कि एक सितंबर से 23 सितंबर के बीच 109 मरीजों की रैपिड एंटीजन जांच करवाई गई, जिसमें से 35 मरीज डेंगू संदिग्ध मिले हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एलाइजा जांच की सुविधा न होने के चलते मरीजों का लक्षण आधारित उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी मरीज को खून में प्लेटलेट्स की कमी के चलते रेफर नहीं करना पड़ा है।
स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह चौहान, भीम दत्त वर्मा, सतपाल राय, मोहन लाल शर्मा, रविंद्र पाल सिंह, इंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में एलाइजा जांच की सुविधा होनी चाहिए। लोगों ने साहिया बाजार और गांवों में फॉगिंग और लार्वानाशक के छिड़काव की मांग की।