Iग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोपI
क्षेत्र के ग्राम अलसी-सकनी को कालसी चकराता मोटरमार्ग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए समस्या बन रही है। सड़क पर आए मलबे को बेतरतीब ढंग से फेंका जा रहा है। इससे किसानों के चरागाह नष्ट हो रहे हैं। उधर, सड़कों की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों को मरम्मत के बजाय मलबे से ढका जा रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से निर्माण सही ढंग से करने और मलबे को अन्यत्र फेंकने की मांग की है। अलसी-सकनी मोटरमार्ग डामरीकरण किया जा रहा है। यहां बरसात में जगह-जगह जमा मलबे को साफ किया जा रहा है। लोनिवि की टीम मलबे को निर्धारित डंपिंग जोन में डालने के बजाय पहाड़ों से नीचे फेक रही है। इससे ग्रामीणों के चरागाह में उगी घास व चारा पत्ती नष्ट हो रही हैं। ग्रामीण राकेश पंवार, राजेश पंवार, बिनु, रमेश पंवार, सचिन पंवार ने बताया कि विभाग तीन किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में लापरवाही कर रहा है। बरसात में सड़क के नीचे तीन स्थानों पर लगाई गई सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जिन्हें ठीक करने के बजाय उन पर मलबा डालकर ढका जा रहा है। सड़क का मलबा चिह्ति डंपिंग जगह पर नहीं डाला जा रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से पशुपालकों के नुकसान को रोकने व सुरक्षा दीवारों को ठीक कराने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग सहिया के सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि मोटरमार्ग पर बरसात के समय में कई जगहों पर मलबा आया था। उसकी सफाई की जा रही है। मलबे को डंपिंग जोन में ही डालने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त सुरक्षा दीवारों की स्थिति का आकलन कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।