रविवार को नदी की तेज बहाव में बहकर हो गया था लापता
अमलावा नदी में लापता हुए छात्रा का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। कालसी थाना पुलिस ने जल पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। शाम ढलने पर सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया गया। मंगलवार को एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
बीते रविवार को आर्यन (12) पुत्र रवि निवासी गैस एजेंसी के निकट कालसी बाजार अपने दोस्तों के साथ काली माता मंदिर के नीचे अमलावा नदी में नहाने के लिए उतरा था। इस दौरान पैर फिसलने से वह नदी की तेज बहाव में बहकर लापता हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने छात्र की तलाश में अमलावा नदी से लेकर बाढ़वाला, अंबाड़ी होते हुए डाकपत्थर बैराज तक सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन छात्रा का कुछ पता नहीं चल सका था।
उपनिरीक्षक नीरज कठैत ने बताया कि सोमवार को घटना स्थल से लेकर डाकपत्थर बैराज तक नए सिरे से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। राफ्ट की मदद से खोजबीन की गई। कई जगहों पर एसडीआरएफ के जवानों ने गोता लगाकर पानी के अंदर लापता छात्र को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। बरसात का मौसम होने के चलते अमलावा के साथ ही यमुना नदी में जल स्तर बढ़ा हुआ है। अधिक पानी होने की वजह से डाकपत्थर बैराज के गेट भी खुले हैं।