मुख्य सेवक संवाद कार्यक्रम में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि महासू देवता की ख्याति यमुना घाटी, जौनसार बावर, उत्तरकाशी, सिरमौर से लेकर कुल्लू मनाली तक है। मान्यता है कि कश्मीर के चार राजकुमार महासू रूप में हनोल में स्थापित हुए। हम जब महासू देवता का जयकारा लगाते हैं तो बोलते हैं जय राजा रघुनाथ की। रघुनाथ मंदिर जम्मू में है। कहा कि हम कहते थे कि मंदिर और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को विकसित करने की जरूरत है तो कुछ लोगों ने मजाक भी उड़ाया। लेकिन, हमने अपने दृढ़ संकल्प को कभी त्यागा नहीं। आज उस दैविक कार्य को मुख्यमंत्री पूरा करने जा रहे हैं। कहा कि महासू देवता मंदिर के लिए जो 120 करोड़ रुपये का मास्टर प्लान मंजूर हुआ है उससे चकराता से लेकर हनोल तक ही नहीं उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र तक तीर्थाटन के व्यापक विस्तार से यहां की अर्थव्यवस्था को चार चांद लगेंगे।