- सहसपुर व हरबर्टपुर में आयोजित विजय महोत्सव में सेना के गौरवशाली इतिहास पर पर बोले वक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
सेलाकुई/हरबर्टपुर। 1971 के विजय दिवस के अवसर पर सहसपुर के मालसी गांव व हरबर्टपुर में विजय महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेना के गौरवशाली इतिहास पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब भी समय आया है देश के वीर जवानों ने अपनी जान की बाजी लगाकर दुश्मन को धूल चटाई है। सहसपुर के ग्राम मालसी में वीर शहीद अनुसूया प्रसाद समिति व होनर प्वाइंट फाउंडेशन के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला पंचायत चमोली के अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, विंग कमांडर एमए अफराज, कर्नल बीएस बर्तवाल ने सेना के पराक्रम पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध में सेना ने पराक्रम दिखाते हुए पाकिस्तान को युद्धभूमि में करारी शिकस्त देने का काम किया था। इस अवसर पर युद्ध के बलिदानियों को श्रद्धांजलि भी दी गई। कार्यक्रम में रामशरण गौड़, विपिन गौड़, अनिल गौड़, आनंद चंद रमोला, अनिल प्रसाद गौड, राकेश प्रसाद गौड़ आदि उपस्थित रहे। वहीं, हरबर्टपुर में पछवादून विकास मंच ने कार्यक्रम का आयोजन कर युद्ध में बलिदान होने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। मंच के संयोजक अतुल शर्मा ने कहा कि देश के सैनिकों के कारण ही प्रत्येक देशवासी सुरक्षित तरीके से चैन की नींद ले पाता है। देश की सेना का गौरवशाली इतिहास रहा है। जब भी आवश्यकता पड़ी है सेना ने अपने पराक्रम से दुश्मनों को सबक सिखाया है। इस अवसर पर सुनील तोमर, मोहन सिंह राठौर, ओपी बलूनी, परवेज खान, दिगंबर कठैत, सुरेंद्र सिंह, सोमप्रकाश, संजय गोयल, संजय, आलोक शर्मा, अमन आदि उपस्थित रहे।