जौनसार-बावर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मोइला टॉप-बुधेर में वन विभाग ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 15 सितंबर तक पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी। ट्रेकिंग मार्ग के प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर चेतावनी नोटिस भी चस्पा किया गया। ऐसे में सप्ताहांत पर शनिवार को पहुंचे तमाम पर्यटकों को बिना भ्रमण किए लौटना पड़ा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पर्यटन आधारित रोजगार प्रभावित होगा। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों के साथ इसे खोलने की मांग उठाई है। मोइला टॉप-बुधेर, लोखंडी के समीप चकराता क्षेत्र का प्रमुख ट्रेकिंग और प्रकृति पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष गर्मी और सर्दी के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच कर ट्रेकिंग करते हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग प्रत्येक पर्यटक से इको टूरिज्म के नाम पर 50 रुपये प्रवेश शुल्क वसूलता है, लेकिन क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अब भी अभाव है। समाजसेवी प्रताप सिंह रावत, रोहन राणा, रमेश चौहान, लिखिलेश सिंह आदि ने कहा कि दो माह तक मार्ग बंद रहने से स्थानीय युवाओं, दुकानदारों, होटल संचालकों और पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों की आजीविका प्रभावित होगी।