उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए शुरू की गई स्पॉट काउंसलिंग का पहला चरण पूरा हो गया है। सीट पाने वाले छात्रों को 10 अगस्त तक संबंधित संस्थान में प्रवेश लेना होगा। इसके बाद रिक्त सीटों के सापेक्ष स्पॉट काउंसलिंग का दूसरा चरण शुरू होगा। पहले चरण की मुख्य काउंसलिंग में 767 छात्रों ने विभिन्न संस्थानों में प्रवेश लिया था।
गौरतलब है कि विवि की ओर से 12 जून को पहले चरण की काउंसलिंग शुरू की गई थी। इसमें 22 संस्थानों में 6621 सीटों पर प्रवेश होने हैं। काउंसलिंग के लिए 2128 छात्रों ने प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया था। पहले चरण में 767 छात्रों ने संस्थानों में प्रवेश ले लिए थे। जबकि, जबकि 1361 छात्रों ने अपने विकल्प खुले रखे थे।
काउंसलिंग से बाहर होने का होगा विकल्प
तीन चरण की काउंसलिंग के बाद उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से काउंसलिंग का स्पॉट राउंड शुरू किया गया था। इसमें छात्रों के पास संबंधित संस्थान को फ्रीज करने का विकल्प दिया गया है। इसके तहत छात्रों के पास सीट का विकल्प चुनने या काउंसलिंग से बाहर होने का विकल्प होगा।
ये भी पढ़ें...सियासी हलकों में सवाल: क्या है शिष्टाचार भेंटों का सरोकार... पीएम मोदी और शाह से मुलाकातों का सिलसिला जारी
आठ अगस्त को काउंसलिंग के तहत छात्रों ने सीटें फ्रीज करा दी हैं। अब ये छात्र 10 अगस्त तक संस्थानों में पहुंचकर प्रवेश ले सकेंगे। इसके बाद स्पॉट राउंड में दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू होगी। कुलपति प्रो. ओमकार सिंह ने बताया कि पहला स्पॉट राउंड पूरा हो गया है। छात्रों को 10 अगस्त तक प्रवेश लेना है। इसके बाद जो सीटें रिक्त रह जाएंगी, उसके लिए अगले चरण की काउंसलिंग शुरू कराई जाएगी।