I
I
I
कर्मचारी की विभागीय जांच संबंधी फाइल सीएमओ कार्यालय से गायब हो गई। एसीएमओ की शिकायत पर कोतवाली में चार कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि एसीएमओ दिनेश चौहान ने नवंबर में कोतवाली पुलिस को शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि वर्ष 2015 में मनोज कुमार बिष्ट आईएमए ब्लड बैंक में तैनात थे। बिष्ट के खिलाफ विभागीय जांच हुई थी। लेकिन, इससे जुड़ी सारी पत्रावलियां अचानक गायब हो गईं। कई बार प्रयास किया लेकिन फाइल नहीं मिली। इस शिकायत में एसीएमओ की ओर से किसी कर्मचारी का नाम नहीं बताया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के नाम की जानकारी सीएमओ कार्यालय से मांगी थी। इस पर अब एसीएमओ की ओर से बताया गया है कि बिष्ट की इस जांच से जुड़ी पत्रावलियां 2018 तक तत्कालीन प्रधान सहायक अजय कन्नौजिया के पास थी।
अब कन्नौजिया स्वास्थ्य महानिदेशालय कार्यालय में तैनात हैं। उनके बाद सीएमओ कार्यालय में प्रधान सहायक के तौर पर रविंद्र डोगरा, कनिष्ठ सहायक अभिषेक त्रिपाठी और प्रधान सहायक अश्वनी आर्य जांच अनुभाग में तैनात रहे। इस वक्त डोगरा पौड़ी सीएमओ कार्यालय में तैनात हैं। इन सभी लोगों से बारी-बारी से पत्रावलियों के संबंध में जानकारी ली गई थी लेकिन उन्होंने कोई वाजिब जवाब नहीं दिया। एसपी सिटी ने बताया कि अब इस मामले में अजय कन्नौजिया, रविंद्र डोगरा, अभिषेक त्रिपाठी और अश्वनी आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।