न्यूज पोर्टल के संपादक शिव प्रसाद सेमवाल को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाती पुलिस।
- फोटो : VIKAS NAGAR
रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार पर्वतजन न्यूज पोर्टल के संपादक शिवप्रसाद सेमवाल को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिकहिरासत में सुद्धोवाला जेल भेज दिया है। सहसपुर पुलिस ने रंगदारी के मामले में न्यूज पोर्टल के संपादक शिव प्रसाद सेमवाल को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था। दरअसल लक्ष्मीपुर, चोरखाला निवासी नीरज राजपूत ने 27 अक्तूबर को सहसपुर थाने में अमित पाल (टाईबो) और पर्वतजन न्यूज पोर्टल के संपादक के खिलाफ उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को धूमिल करने के लिए ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मुख्य आरोपी अमित पाल तो अभी फरार है। शिवप्रसाद सेमवाल को शुक्रवार को बयान के लिए सहसपुर थाने बुलाया गया था। पुलिस ने विवेचनाआें में आए तथ्यों के आधार पर सेमवाल की गिरफ्तारी दर्शा दी थी। सहसपुर पुलिस ने शनिवार को सरकारी अस्पताल में मेडिकल के बाद सेमवाल को ढकरानी स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से जमानत अर्जी दाखिल करते हुए तर्क दिया गया कि सेमवाल एक पत्रकार हैं और निष्पक्ष रूप से लिखते रहते हैं। यही वजह है कि पुलिस ने सेमवाल को साजिशन फंसाया है। ऐसे में सेमवाल को जमानत दी जानी चाहिए। सरकारी अधिवक्ता ने इसका पुरजोर विरोध किया गया। उनका कहना था कि आरोपी पर पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग और धमकाने जैसे गंभीर आरोप हैं। जिसके साक्ष्य भी मौजूद हैं। इसलिए जमानत का विरोध किया जाता है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सेमवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।