डीएम ट्वीट के जरिए दे रही कीमतों की जानकारी, दुकानों पर भाव अलग
दुकानों से सब्जियों की मूल्य सूची गायब, टमाटर 120 से नहीं आ रहा नीचे
सब्जियों की कीमतों को लेकर जिला प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। जिलाधिकारी खुद हर एक-दो दिन के बाद ट्वीट करके जनपद की सभी सब्जी मंडियों से जारी किए जाने वाले दाम की सूची की जानकारी जनता को दे रही हैं लेकिन सब्जी विक्रेता मनमानी कीमत वसूल रहे हैं। वह प्रशासन के आदेशों को नहीं मान रहे हैं।
टमाटर व अन्य सब्जियों के भाव बढ़ने के बाद प्रशासन ने कीमतों पर लगाम लगाने का प्रयास शुरू किया। इस कार्रवाई की कमान खुद जिलाधिकारी ने संभाली। जिलाधिकारी सोनिका ने तहसील स्तर पर आपूर्ति विभाग को सक्रिय करते हुए मंडी की ओर से जारी की जाने वाली मूल्य सूची को दुकानों पर चस्पा कराने व मनमानी करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी। लेकिन विभाग की निष्क्रियता के चलते पूरे पछवादून में न तो किसी सब्जी की दुकान पर मूल्य सूची चस्पा हुई और न ही सब्जी विक्रेताओं की मनमानी रूकी। स्थिति यह है कि सब्जी विक्रेता टमाटर आज भी 120 रुपये प्रति किलो ही बेच रहे हैं।
सब्जी की दुकानों पर प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। मूल्य सूची भी लगवाई जा रही है लेकिन कुछ दुकानदार निरीक्षण के बाद सूची हटा रहे हैं। ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। - सुरेंद्र चौहान, पूर्ति अधिकारी, विकासनगर
जिलाधिकारी के 28 जुलाई के ट्वीट में दर्शाई गई सब्जियों की मूल्य सूची प्रति किलो (विकासनगर)
आलू- 26, प्याज- 30, टमाटर-100, फूल गोभी- 90, मूली- 24, बैंगन- 45, लौकी- 30, कद्दू- 30, हरी मटर- 100, भिंडी- 30, करेला- 45, हरी मिर्च- 90, खीरा- 24, फ्रांसबीन- 80, बंद गोभी- 22, तोरी- 45, कटहल- 20, शिमला मिर्च- 90 रुपये प्रति किलो
सब्जी की दुकानों पर कीमत प्रति किलो
आलू-30, प्याज- 30, टमाटर- 120, फूल गोभी- 120, मूली- 25 से 30, बैंगन 50 से 60, लौकी- 40, कद्दू- 40, हरी मटर 120 से 140, भिंडी- 40, करेला 50 से 60, हरी मिर्च- 120, खीरा 30 से 35, फ्रांसबीन 100 से 120, बंद गोभी- 30, तोरी 50 से 60, कटहल 25 से 30, शिमला मिर्च 120 से 140 रुपये प्रति किलो