वीर शहीद केसरी चंद युवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा से मुलाकात कर लैंसडाउन चौक का नाम वीर शहीद केसरी चंद के नाम पर रखने की मांग की। उन्होंने इससे संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
समिति के संरक्षक एवं विधानसभा के पूर्व सूचना अधिकारी भारत चौहान ने कहा लैंसडाउन चौक का नाम शहीद केसरी चंद चौक रखने को लेकर मुख्यमंत्री ने विधिवत घोषणा की है, परंतु नगर निगम की बोर्ड बैठक से प्रस्ताव पास होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि वीर शहीद केसरी चंद का योगदान अनुकरणीय रहा है।
लैंसडाउन चौक का नाम ब्रिटिशकालीन गुलामी का प्रतीक है। युवा पीढ़ी को देशभक्ति की ओर प्रेरित करने के लिए जिन लोगों ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं, ऐसे महापुरुषों के नाम से विभिन्न महाविद्यालय, मोटर मार्ग, चौराहों एवं सरकारी संस्थानों के नाम रखे जाने चाहिए। इस अवसर पर समिति के पूर्व अध्यक्ष गंभीर सिंह चौहान, अमित जोशी, कुंदन सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।