Iबस्ती में चल रहे अभियान पर बताया गलत, रोक लगाने की मांगI
मृतका के परिजनों एवं पीड़ितों को मुआवजे देने की मांग को लेकर जनसंगठनों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि विगत 24 जून को शाम करीब तीन बजे वीर गब्बर सिंह बस्ती की निवासी सोनम पत्नी आकाश का देहांत हो गया। बस्ती में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण पुलिस बल के साथ बस्ती में लोगों के घरों पर निशान लगा रहे थे और धमका रहे थे कि अगले दिन इन लोगों को बेघर किया जाएगा। उसी समय बगल में काठबंगला बस्ती में लोगों के मकानों को तोड़ा जा रहा था। इस खबर को सुनकर सोनम बेहोश हो गई और उनकी मौत हो गई। ज्ञापन में कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर चलाया जा रहा ध्वस्तीकरण अभियान पूरी तरह से भेदभावपूर्ण और मनमाने तरीके से चल रहा है। अधिकारी कानून को ताक पर रखकर लोगों को बेघर कर रहे हैं। आरोप लगाया है कि आधे से ज्यादा लोगों के पास खाली करने का नोटिस भी नहीं आया था। पुनर्वास, आश्रय और प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं की जा रही है। ज्ञापन में महिला की मृत्यु के लिए प्रशासन और अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। ज्ञापन में जिम्मेदार अधिकारियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज करने एवं प्रभावित परिवार को एक करोड़ का मुआवजा दिए जाने एवं ध्वस्तीकरण अभियान पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में अनंत आकाश, लेखराज, शंकर गोपाल, नरेंद्र सिंह, नवनीत गुंसाई, आजम आदि शामिल रहे।