- मंदिर समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
कालसी। लखवाड़ स्थित महासू देवता मंदिर की मरम्मत के कारण देवता को कुछ समय के लिए निकटवर्ती धर्मशाला में शिफ्ट किया जाएगा। रविवार को मंदिर समिति के अध्यक्ष गंभीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि देवता की आज्ञा से पंडितों के मुहूर्त निकाले जाने के अनुक्रम में देवता को कुछ समय के लिए निकटवर्ती धर्मशाला में शिफ्ट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं के सामान को रखने के लिए मंदिर परिसर में एक रैक बनाया जाएगा। मंदिर के समीप स्थित पार्क में भगवान श्रीकृष्ण का चित्र भी लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में लखवाड़ बांध के कारण यमुना नदी पर बने पुल के डूब जाने की स्थिति में मसूरी जाने के लिए नया पुल बनाए जाने पर विचार किया गया। इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर आग्रह करेगा। बैठक में कोषाध्यक्ष के रिक्त पद पर लुदर सिंह की नियुक्ति भी की गई। इस अवसर पर भोपाल सिंह, विक्रम सिंह, इंद्रजीत सिंह, भगत सिंह, दौलत सिंह, नरेश चौहान, दिनेश चौहान, जीवन सिंह, अनिल डोभाल, उदय सिंह आदि उपस्थित रहे। संवाद