I
I- वर्तमान में बदहाल स्थिति में है सड़क, सुरक्षा दीवार हो गई है क्षतिग्रस्तI
छावनी बाजार से बनगांव खत को जोड़ने वाली 1.5 किलोमीटर मोटरमार्ग की स्थिति जल्द सुधरने की उम्मीद है। शनिवार को छावनी परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोटरमार्ग का निरीक्षण किया। इसके बाद अब मोटरमार्ग सुधारीकरण के लिए एस्टीमेट तैयार किया जाएगा।
वर्ष 2015 में छावनी परिषद ने त्यूणी-चकराता-मसूरी-मलेथा-राष्ट्रीय राजमार्ग से बनगांव खत के लिए 1.5 किलोमीटर लंब मोटर का निर्माण किया था। करीब नौ साल बीतने के बाद सड़क बदहाल स्थिति में है। अधिकांश सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पानी की निकासी की नालियां भी टूट चुके हैं। नाली न होने से बारिश का पानी सीधा सड़क पर बहता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
बीते माह फरवरी में रावना, पाटी, बुरास्वा, मेहरावना, शिर्बा, टुंगरौली, घणता, मैवफावटा आदि गांवों के ग्रामीणों ने छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर एलिन देब साह से मोटरमार्ग के सुधारीकरण की मांग की थी। शनिवार को छावनी परिषद के अध्यक्ष के निर्देश पर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने मोटरमार्ग का निरीक्षण किया। अध्यक्ष ने बताया कि मोटर मार्ग का एस्टीमेट तैयार कर जल्द सुधारीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।
इस दौरान छावनी परिषद के जेई दीपक जुगरान, विपिन रावत, राजेंद्र जोशी, नरेश रावत, आनंद चौहान, गंभीर रावत अजवीर चौहान आदि उपस्थित रहे।