बीते बुधवार की रात चकराता कैंट कार्यालय के निकट तेज मोड पर वाहन चालक ने संतुलन खो दिया था। इस कारण कार खाई में गिरी थी। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं, तीन लोग घायल हो गए थे।
बीते बुधवार की रात्रि करीब 9:20 बजे चकराता थाना पुलिस को कार के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात्रि डेढ़ बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन घायलों को रस्सियों के सहारे बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। खाई से तीन शव बरामद हुए।
थाना प्रभारी चकराता शिशुपाल सिंह राणा ने बताया कि कार सवार सभी लोग चकराता घूमने आए थे। रात को वापस लौट रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद मृतक प्रमोद पाठक (45) पुत्र ओमप्रकाश पाठक, राम किशोर शर्मा (30) पुत्र सहेलाल दोनों निवासी ग्राम कटसारी, जिला बरेली, यूपी और मुनेंद्र (42) पुत्र छोटेलाल निवासी बहादराबाद, हरिद्वार के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। कार प्रमोद पाठक चला रहा था। वहीं, घायल कृष्णपाल (21) निवासी ग्राम राठ, जिला पीलीभीत, यूपी, सौरभ (20) निवासी ग्राम वाला, जिला बरेली, यूपी और सुनील कुमार (46) निवासी तुंगना, जिला बागपत, यूपी का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।