श्री बालाजी शोभायात्रा में श्रद्धालु श्री रामलला मंदिर की अखंड ज्योत के दर्शन कर सकेंगे। साथ राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी की पवित्र ज्योत के भी दर्शन होंगे। यह जानकारी प्रेसवार्ता में दी गई।
रविवार को श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सेवादल के नेतृत्व में विभिन्न मंदिरों, धर्मार्थ एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता की। इसमें श्री हनुमान जन्मोत्सव पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। बताया कि शोभायात्रा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में 24 अप्रैल को शिवाजी धर्मशाला सहारनपुर रोड से शुरू होगी। यात्रा में देश प्रेम, पर्यावरण, जल ही जीवन है से जुड़ीं झांकियां और हवा में उड़ते हनुमानजी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके लिए मथुरा वृंदावन की टीम को बुलाया गया है।
शोभायात्रा में पाकिस्तानी हिंदुओं की पारंपरिक झांकी भी देखने को मिलेगी। 28 अप्रैल को मंदिर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 108 कन्याओं के विवाह की श्रंखला के क्रम में कन्याओं का सामूहिक विवाह करवाया जाएगा। इस दौरान दिगंबर भागवत पुरी, अशोक कुमार अग्रवाल, नरेंद्र ठाकुर, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, एकलव्य, उमेश जिंदल, अनामिका जिंदल आदि मौजूद रहे।