मां शाकुंभरी देवी झंडा सेवा समिति की ओर से छावनी बाजार स्थित मंदिर में माता के 38वें जागरण का आयोजन किया गया। इसमें देहरादून से आए बांके बिहारी संकीर्तन मंडल और अमन म्यूजिक ग्रुप ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
भजन मंडली के गायकों ने बिगड़ी मेरी बना दे ओ शेरोवाली मईया..., मेला मईया दा..., रात श्याम सपने में आये..., बांके बिहारी लाल... आदि भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, इक राधा इक मीरा..., सत्यम शिवम सुंदरम..., तू कितनी अच्छी है कितनी भोली है मां... जैसे भजनों ने भक्तों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में काली माता के विराट रूप, हनुमानजी, राधा-कृष्ण, शेरावाली माता, शिव-पार्वती आदि की झांकियां प्रस्तुत की गईं। पूरा इलाका मातारानी के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस मौके पर सुनील जैन, तीर्थ कुकरेजा, पंकज जैन, गुरचरण सिंह, अनिल चांदना, मनीष कुकरेजा, दिनेश चांदना, अंकित मोहल, प्रदीप जोशी, आशीष कुकरेजा आदि उपस्थित रहे।