हॉस्टल लीज पर देने के नाम पर छह लोगों ने एक कंपनी के साथ एक करोड़ नौ लाख से अधिक की धोखाधड़ी कर दी। एग्रीमेंट करने के बाद न तो हॉस्टल पर कब्जा दिया और न ही रकम वापस कर रहे हैं। शिकायत के बाद प्रेमनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी प्रेमनगर पीडी भट्ट ने बताया कि सौरभ सिंगला, मैनेजर मैसर्स स्कॉलर ऐली प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली ने शिकायत दर्ज कराया है। बताया कि कंपनी का मुख्य व्यवसाय छात्रों के लिए हॉस्टल सुविधा प्रदान करना है। जिसके लिए कंपनी व्यवसाय के अनुसार उपयुक्त संपत्ति का चयन कर कर अपना व्यवसाय करता है। बताया कि वह अपने व्यवसाय के लिए देहरादून में संपत्ति ढूंढ रहा था। इसी दौरान उनकी बात स्वीटी साहनी निवासी अंतरिक्ष अपार्टमेंट रोहिणी दिल्ली, साहिल सहगल, केतिका सहगल, सरोज सहगल निवासी पुष्पांजलि मार्केट के पास नई दिल्ली से हुई।
आरोप लगाया कि इन लोगों ने बताया कि वह विकासनगर में सोनाव बॉयज हॉस्टल चला रहे हैं जिसे वह लीज पर देना चाहते हैं। उसके बाद लीज की शर्तें और एग्रीमेंट और किराया तय हुआ। फिर कंपनी ने एक करोड़ नौ लाख चालीस हजार रुपये आरोपियों के बताए खाते में डाल दिए गए। बताया कि रकम मैसर्स निधि बिल्डर्स द्वारा धनपाल सिंह व सुनील सहगल निवासी मकान 143, पुष्पांजलि मार्किट के पास, पुष्पांजलि, विकास मार्ग के खाते में डाल डाले गए। लेकिन, अभी तक न तो उन्हें हॉस्टल पर कब्जा मिला और न ही रकम वापस मिली। सभी आरोपी अब एक-दूसरे को पहचानने से इन्कार कर रहे हैं। उल्टा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। थाना प्रभारी प्रेमनगर ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।