कोतवाली क्षेत्र के हरबर्टपुर में दुकान खाली करवाने गए मकान मालिक से किरायेदार ने अभद्रता कर दी। आरोप है कि किरायेदार ने मकान मालिक के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मकान मालिक ने घर पर जाकर कीटनाशक गटक लिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी किरायेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरबर्टपुर के फतेहपुर रोड स्थित वार्ड नंबर तीन निवासी सुनीता सिंघल ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति वेद प्रकाश ने फतेहपुर गांव के पंचायती स्कूल के पास निवासी हरविंदर राणा को अपनी दुकान किराये पर दी थी। बताया कि उनके पति ढाई माह से हरविंदर राणा को दुकान खाली करने के लिए बोल रहे थे। वह 15 दिन में दुकान खाली करने की बात कहकर टाल रहा था। सुनीता सिंघल ने बताया कि 30 मई को उनके पति सुबह करीब साढ़े नौ बजे दुकान पर पहुंचे। उन्होंने किरायेदार को दुकान खाली करने के कहा तो उसने पति को धक्का मारकर दुकान से बाहर निकाल दिया। कहा कि तुम से जो हो सकता है कर लो दुकान खाली नहीं करूंगा। किरायेदार ने कहा कि दुकान में परिवार का कोई भी सदस्य दिखाई दिया तो जान से मारकर फेंक दूंगा।
शिकायकर्ता ने बताया कि जब उनके पति घर पर आए तो वह डरे-सहमे थे। दुकान में हुई घटना के बारे में पूरी बात बताई। बताया कि इसके बाद पति को आराम करने के लिए कहा और किचन में नींबू पानी लेने चली गईं। जब वापस लौटी तो देखा कि पति ने घर में रखी दीमक की दवा पी ली है। बताया कि उनके पति बड़-बड़ाकर बोल रहे थे कि उसने मुझे जान से मारने की धमकी दी और बीच रोड पर मेरा अपमान किया। मुझे गहरा आघात पहुंचा है। बताया कि यह कह कर वह बेहोश हो गए। बताया कि पति की उपचार के बाद अस्पताल में मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि आरोपी हरविंदर राणा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।