बीते कुछ दिनों से दून के कई इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। शनिवार को भी शहर के कुछ इलाकों में बारिश हुई तो दून का अधिकतम तापमान चार डिग्री कमी के साथ 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को खूब सताया।
तड़के शुरू हुई बारिश का सिलसिला सुबह करीब 10 बजे तक जारी रहा। दून में सबसे अधिक चंद्रबनी में 23.5 एमएम बारिश हुई। जबकि अन्य जगह हल्की बारिश हुई। बारिश रुकी तो दून में दिनभर बादल छाए रहे और उमस भरी गर्मी ने शाम ढलने तक सताया। चंद्रबनी में हुई तेज बारिश के चलते कई जगह जलभराव होने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, आईएसबीटी चौक के आसपास खोदी गई सड़क से समस्या दोगुनी हो गई। सड़क पर कीचड़ बहने से खासकर दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने आज (रविवार) दून में बादल छाए रहने की आशंका जताई है। इसके साथ ही तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ कुछ स्थानों पर एक या दो दौर बारिश की तीव्र बौछार की आशंका है। तापमान की बात करें तो आज दून का अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने के आसार हैं।
-
देहरादून का तापमान
सूर्याेदय: 5:17
सूर्याेस्त: 07:23
अधिकतम: 30
न्यूनतम: 24