विकासनगर। सहसपुर क्षेत्र में एक किशोरी (14) के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले में परिजनों ने दो युवकों पर बहलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया गया है कि दोनों युवक काफी समय से किशोरी का पीछा कर रहे थे। इनमें से एक युवक पहले से शादीशुदा बताया गया है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया किशोरी की माता ने शिकायत में कहा कि उनकी बेटी नौ जून की दोपहर घर से लापता हो गई। परिवार के सदस्यों को जानकारी मिली कि उसी दिन दो युवक घर के आसपास आए थे। इसके बाद किशोरी के नहीं मिलने पर परिजनों ने दोनों पर उसे अपने साथ ले जाने का संदेह जताया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर किशोरी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।