विनियमितीकरण की मांग को लेकर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कालसी के शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार दसवें दिन जारी रहा। शिक्षकों का कहना है कि मांगे पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
संविदा समाप्त होने के बाद पांच जून से शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्रवेश द्वार पर धरने बैठे हुए हैं। शिक्षकों का कहना है कि वे लोग विद्यालय में 13 वर्षों से कार्य कर रहे हैं। समर्पण भाव से सेवा करने के साथ विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षाफल में भी उनका योगदान रहा है।
बताया कि 30 मई 2024 को उन्हें अचानक कार्य मुक्त कर दिया गया। शिक्षकों की मांग है कि अन्य राज्यों की भांति उन्हें भी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में नियमित रूप से भर्ती किया जाए। धरने पर बैठे शिक्षकों में सचिन चमोली, अतुल काला, सुनील सिंह सजवान, हर्षवर्धन डोभाल, चंद्र मोहन शर्मा, देवेश पवांर, कीर्ति नेगी, दिव्या वर्मा, रीना रावत, मनीषा प्रधान, विपिन शर्मा, चंद्र मोहन रावत सरजू कुमार, वर्तिका बिष्ट आदि शामिल हैं।