जिलाधिकारी सविन बंसल ने आमजन की शिकायत पर कड़ा एक्शन लेते हुए शराब की दुकान को 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया है। राजपुर रोड बहल चौक निवासी स्थानीय निवासी महिलाओं एवं बुजुर्गों ने जिलाधिकारी को जनता दर्शन में शिकायत कर बताया था कि ओपल लाज बिल्डिंग स्थित शराब की दुकान में खुले में शराब पिलाई जा रही है। शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को कार्यवाही के निर्देश दिए। टीम ने तत्काल छापेमारी कर समस्त अवैध दुकानों को ओपल लॉज के बाहर से हटाया गया। ओपल लॉज के बेसमेंट में चल रहे ओपन बार को तत्काल बंद कराकर पांच लाख की चालानी कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी न्यायिक सदर ने निरीक्षण रिपोर्ट में बताया कि ओपल लॉज बिल्डिंग के बेसमेंट में अवैध रूप से एक बार का संचालन होना पाया गया। मौके पर शराब सेवन के लिए मेज तथा काफी सिंगल यूज प्लास्टिक के कप, ग्लास एवं कचरा भी मिला। विस्तृत जांच उप जिलाधिकारी सदर न्यायिक, जिला आबकारी अधिकारी व नगर निगम देहरादून की संयुक्त टीम ने की। जांच में पाया गया कि दी लीकर हब (विदेशी शराब की लाइसेंसी दुकान) मौके पर शराब बिक्री के अलावा आसपास कई अवैध दुकानें-खोखे लगवाकर शराब सेवन से जुड़े सामान बिकवा रही है। बेसमेंट में अत्यधिक मात्रा में शराब की बोतलें तथा सेवन हेतु उपयोग में आने वाले कप एवं गिलास भी प्राप्त हुए।