अवैध खनन की शिकायतों पर सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई करें। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय करते हुए टीमें भेजकर निरंतर निगरानी की जाए। यह बात जिलाधिकारी सोनिका ने शनिवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में कही। वे अवैध खनन की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रही थीं।
डीएम ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि अवैध खनन में संलिप्त वाहनों पर चालान एवं सीज करने की कार्रवाई कर इसकी रिपोर्ट दें। कहा, खनन क्षेत्रों में मजदूर वहीं पर कब्जा कर बस्तियां बसा रहे हैं। वन निगम, जीएमवीएन इस पर कार्रवाई करें। उन्होंने राजस्व एवं स्थानीय पुलिस को कब्जे एवं बस्तियां बसने आदि शिकायतों पर गंभीरता से बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि जून एवं जुलाई में अवैध खनन एवं भंडारण पर डेढ़ करोड़ से अधिक का अर्थदंड लगाया गया है। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर सरिता डोभाल, उपजिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल व अनिल जोशी, जिला खान अधिकारी काजी रजा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेन्द्र विराटिया आदि उपस्थित रहे।
पौधारोपण किया गया
देहरादून। उत्तराखंड जैव विविधता बोर्ड की ओर से हरेला पर्व पर ग्राम पंचायत गुजराडा करनपुर (जामुनवाला) में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. धनंजय मोहन मौजूद रहे।