मालदेवता-रायपुर मार्ग पर एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मारने वाले एसयूवी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं हादसे में घायल हुई स्कूटर सवार युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना रविवार शाम करीब छह बजे की है। मालदेवता से रायपुर जाने वाली सड़क पर एक तेज रफ्तार एसयूवी ने सबसे पहले आगे चल रही एक कार को टक्कर मार दी। इससे कार एक पेड़ से जा टकराई। इसके बाद एसयूवी ने दूसरी कार को टक्कर मारी। यह कार भी सड़क से नीचे उतर गई। गनीमत रही कि इन दोनों हादसों में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन इस दौरान एसयूवी चालक ने एक स्कूटर को भी टक्कर मार दी। इससे स्कूटर सवार युवती सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई।
एसओ कुंदनराम ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान सोनू सिंह निवासी तुंतोवाला मेंहूवाला माफी के रूप में हुई है।