शेरपुर में नशा मुक्ति शपथ दिलाने के दौरान मौजूद ग्रामीण। स्रोत जागरूक पाठक
- शेरपुर गांव में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से लगाई गई प्रदर्शन
सेलाकुई। शेरपुर गांव में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान लोगों को नशे की रोकथाम के लिए प्रयास करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी सोनिया और शेरपुर के ग्राम प्रधान धन प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से किया। ब्रह्माकुमारी सोनिया ने ग्रामीणों को नशे के जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल शरीर को खोखला करता है बल्कि परिवार और समाज को भी बरबाद कर देता है। उन्होंने राजयोग के माध्यम से मानसिक शक्ति बढ़ाने और इच्छा शक्ति के बल पर नशा त्यागने के सरल उपाय समझाए। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को जीवन भर नशा मुक्त रहने का संकल्प दिलाया गया। ग्राम प्रधान धन प्रकाश सिंह ने ब्रह्माकुमारी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहकर रचनात्मक कार्यों में जुड़ने की अपील की। इस मौके पर कमला, अन्नपूर्णा, रेखा, निकेश आदि उपस्थित रहे। संवाद