सहसपुर स्थित देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी में दून सिल्क के धागे, सहकारिता के साथ भविष्य निर्माण थीम पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रेशम फेडरेशन की ओर से तैयार परिधान पहनकर छात्र-छात्राओं ने रैंप वॉक किया। छात्र-छात्राओं की इस पेशकश की लोगों ने तालियां बजाकर सराहना की।प्रदेश के सहकारिता मंत्री ने डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार सिल्क उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। प्रदेश के उत्कृष्ट बुनकरों को अध्ययन भ्रमण के लिए रेशम फेडरेशन के माध्यम से दूसरे राज्यों में भेजा जाएगा। प्रदेश की पांच हजार महिला बुनकरों को लखपति दीदी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा दून सिल्क विभिन्न शहरों में 13 आउटलेट सेंटर खोलने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में दिसंबर माह तक एक हजार कार्यक्रम सरकार के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर रेशम धागा बुनकरों को सहकारिता मंत्री ने प्रशस्तिपत्र प्रदान करके सम्मानित किया। कार्यक्रम में महिला समूहों के माध्यम से तैयार हस्त निर्मित क्राफ्ट की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, अपर निबंधक सहकारिता व रेशम फेडरेशन के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ला, विश्वविद्यालय के अध्यक्ष अमन बंसल, प्रदीप कुमार, सुभाष रमोला, विनोद तिवारी, मातबर कंडारी, डाॅ. भावना गोयल, विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे।