राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पश्चिमीवाला की हालत दयनीय है। यहां कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राएं टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। गर्मी हो या सर्दी, हर मौसम में यही स्थिति रहती है। विद्यालय प्रबंधक के तमाम कोशिशों के बाद भी स्कूल को फर्नीचर मुहैया नहीं हो पा रहा है। मौजूदा समय में ठंड बढ़ने के साथ छात्र-छात्राओं की परेशानी बढ़ रही है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पश्चिमीवाला खंड शिक्षा कार्यालय से महज दो किलोमीटर दूरी पर स्थित है। यहां 71 छात्र-छात्राएं जमीन पर बैठक पढ़ाई कर रहे है। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस विद्यालय की ओर नहीं जा रही है। पिछले माह डीएम ने ऐसे तमाम विद्यालय की सूची शिक्षा विभाग से मांगी थी, जिनमें फर्नीचर की कमी है। उनका सख्त निर्देश था कि कोई भी छात्र जमीन पर बैठकर पढ़ाई नहीं करेगा, लेकिन डीएम के निर्देश का विभाग के अधिकारियों पर कोई असर नहीं है। इसके चलते छात्र इन दिनों बढ़ती सर्दी में फर्श पर ठिठुर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि शिक्षा विभाग को कई बार इस बारे में बताया जा चुका है, लेकिन अभी तक फर्नीचर उपलब्ध नहीं हो पाया है। जब से विद्यालय बना है अभी तक फर्नीचर नहीं मिला है। ठंड बढ़ रही है, इससे जमीन पर बैठ रहे छात्र बीमार भी हो सकते है।