राजावाला स्थित द इंडियन पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया।
स्कूल के वार्षिकोत्सव की शुरूआत विद्यालय के चेयरमैन दिलीप कुमार कोटिया, निदेशक डा. रणबीर सिंह और प्रधानाचार्य डॉ. सुचिता गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, जौनसारी, कुमाऊंनी, पंजाबी, हरियाणवी लोक गीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। छात्र-छात्राओं की लव-कुश नाटक की प्रस्तुति उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों को खूब पसंद आई।
कार्यक्रम के संबोधन में वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्शनी व पुस्तक मेला लगाया गया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. एससी ब्याला और प्रधानाचार्य डॉ. सुचिता गुप्ता ने उपस्थित अतिथि व अभिभावकों का आभार जताया।