सेंट मैरी स्कूल में स्वच्छता की शपथ लेते छात्र-छात्राएं। स्रोत विद्यालय
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पछवादून व जौनसार बावर के विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने उनके योगदान को याद कर नमन किया। विकासनगर के सेंट मैरी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती समारोह का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने उनके जीवन पर कविता, भाषण आदि की प्रस्तुति दी। छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके पहले कार्यक्रम की शुरूआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित करके व राष्ट्रीय गान के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर लिली, प्रधानाचार्य सिस्टर रोसेटा, उप-प्रधानाचार्य सिस्टर अंशु, प्राइमरी प्रभारी सिस्टर निर्मला, सिस्टर रूबी आदि शिक्षक उपस्थित रहे।क्षेत्र के सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। वक्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डाला। ग्राम लखवाड़ में तरुण संघ खत लखवाड़ के बैनर तले नशे के विरुद्ध एक रैली का भी आयोजन किया गया।