भद्रराज मंदिर के दर्शन कर लौट रहा बीसीए का छात्र शनिवार रात जंगल में रास्ता भटक गया। करीब पांच घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सहसपुर पुलिस ने छात्र को सकुशल बरामद कर लिया।
छात्र विधौली स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) में बीसीए प्रथम वर्ष में पढ़ता है। थानाध्यक्ष सहसपुर गिरीश नेगी ने बताया कि शनिवार रात आठ बजे डेल्टा कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को जानकारी मिली कि भद्रराज मंदिर ट्रैक पर लौटते वक्त एक छात्र रास्ता भटक गया है। अंधेरा होने के कारण वह जंगल में कहीं फंसा हुआ है। छात्र की खोजबीन के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। दो स्थानीय युवकों को साथ लेकर टीम ने घने अंधेरे के बीच टार्च के सहारे सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
करीब तीन घंटे पैदल चढ़ाई चढ़ने के बाद पुलिसकर्मियों को युवक झाड़ियों के बीच फंसा मिला। उसे बाहर निकालकर पुलिस सहसपुर थाने लेकर आई। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि छात्र की पहचान कार्तिकेय (18) पुत्र शिवानंद निवासी साकेत कॉलोनी, नई दिल्ली के रूप में हुई। सुबह अकेले ही पैदल भद्रराज मंदिर के दर्शन के लिए गया था और लौटते वक्त अंधेरा होने पर रास्ता भटक गया।