चोरों ने एक सरकारी कंपनी का वाहन चोरी कर लिया। पुलिस ने तलाश की तो वाहन को चकराता से बरामद कर लिया गया। साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि उत्तराखंड ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित उत्तराखंड पर्वतीय आजीविका संवर्द्धन कंपनी (उपासक) का वाहन आईटी पार्क ऑफिस से चोरी हो गया था। इस संबंध में प्रबंधक वित्त एवं प्रशासक डीपी गैरोला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। गत 23 मई की रात चोरी हुए वाहन की लोकेशन चकराता क्षेत्र में मिली तो राजपुर थाना पुलिस ने चकराता पुलिस को वाहन से संबंधित जानकारी भेजी। चकराता थाना पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाते हुए वाहन को बरामद कर लिया। पुलिस ने अभय राय निवासी उद्पाल्टा कालसी और रजत चौहान निवासी चकराता को गिरफ्तार किया है।