एसटीएफ ने कुख्यात पशु तस्कर को बरेली से गिरफ्तार किया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। इसी साल अप्रैल में ऊधमसिंह नगर पुलिस ने इसके साथियों से संरक्षित प्रजाति के पशु का पांच क्विंटल मांस बरामद किया था। आरोपी अपने दो साथियों के साथ मौके से भाग गया था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया, 13 अप्रैल को ऊधमसिंह नगर के पुलभट्टा थाने की पुलिस शंकर फार्म कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को रोकने के लिए इशारा किया तो चालक ने तेजी से भगाने की कोशिश की। बैरियर लगाकर रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। मौके से तीन आरोपी भाग गए जबकि अलीम नाम का युवक पकड़ा गया। गाड़ी से पांच क्विंटल मांस बरामद हुआ। अलीम और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच में यूनुस निवासी शेरगढ़, बरेली का नाम सामने आया। पता चला कि मांस की तस्करी वही कर रहा था। 30 जून को उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसएसपी ने बताया, उसकी तलाश में एसटीएफ कई दिनों तक बरेली में रही। यूनुस को बुधवार को शेरगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ 2011 में भी बरेली पुलिस ने पशु तस्करी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। जबकि, 2013 में वह मारपीट के मामले में जेल गया था।