प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी जैंतनवाला निवासी शहीद स्क्वाड्रन लीडर अभिमन्यु राय के निजी आवास पहुंचे। जहां उन्होंने शहीद अभिमन्यु राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देकर ढांढस बंधाया।
इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री ने शहीद के परिवारजनों को राज्य सरकार की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने जो भी स्कूल या मार्ग का नाम शहीद के नाम पर रखने का सुझाव मिलेगा, सरकार उस दिशा में कार्य करेगी। गौरतलब है कि स्क्वाड्रन लीडर अभिमन्यु राय गत चार दिसंबर को भारतीय सेना के एक प्रशिक्षु पायलट को प्रशिक्षण देते समय एक हवाई दुर्घटना में शहीद हो गए थे। शहीद स्क्वाड्रन लीडर अभिमन्यु राय के पिता अमिताभ राय भी वायु सेना में ग्रुप कैप्टन से रिटायर्ड हैं। इस दौरान शहीद की मां चित्रलेखा राय, पत्नी अक्षिता राय, मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, वंदना बिष्ट, आशीष शर्मा, अंकुश अग्रवाल, कैप्टन परमवीर, योगेन्द्र चौहान, उज्ज्वल, नैन सिंह पंवार, जलील, ग्राम प्रधान सागर सिंह आदि उपस्थित रहे।