माय सिटी रिपोर्टर देहरादून देहरादून से सेलाकुई के बीच सामान्य बसों का संचालन ठप होने से यात्रियों को घोर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में देहरादून सिटी बस सेवा महासंघ ने परिवहन आयुक्त और संभागीय परिवहन प्राधिकरण अध्यक्ष को पत्र सौंपकर मांग उठाई है की देहरादून से सेलाकुई के बीच सिटी बसों के संचालन की अनुमति दी जाए, ताकि आमजन की समस्याओं को दूर किया जा सके। बता दें कि राज्य सरकार और शासन परिवहन विभाग की ओर से सार्वजनिक गाड़ियों के संचालन को लेकर एसओपी जारी होने के बावजूद बस संचालकों द्वारा देहरादून से सेलाकुई के बीच गाड़ियों का संचालन नहीं किया जा रहा है। बस संचालकों की मांग है कि बसों का किराया दोगुना करने के साथ ही दो साल के टैक्स की छूट दी जाए। लेकिन सरकार और परिवहन विभाग ने ऐसी मांगों से साफ इनकार कर दिया है। ऐसे में बस ऑपरेटर्स द्वारा बसों का संचालन नहीं किया जा रहा है। जिसकी वजह से सेलाकुई से देहरादून आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन अब सिटी बस सेवा महासंघ ने परिवहन आयुक्त और संभागीय परिवहन प्राधिकरण अध्यक्ष को पत्र सौंपकर मांग की है कि सिटी बसों के संचालन की अनुमति सेलाकुई तक दी जाए। महासंघ अध्यक्ष विजयवर्धन डंडरियाल का कहना है कि सिटी बसों का संचालन देहरादून से आगे 16 किलोमीटर का किया जा रहा है। जबकि सिटी बस जहां अंतिम पड़ाव तक जाती है वहां से सेलाकुई की दूरी मात्र छः किलोमीटर है महासंघ अध्यक्ष डंडरियाल का कहना है कि मोटरयान अधिनियम के तहत प्रावधान है कि यदि सिटी बस का रूट 24 किलोमीटर की परिधि में आता है तो वहां पर आरटीए रुट को सिर्फ 24 किलोमीटर तक की परिधि में ही विस्तार कर सकता है। ऐसे में इस प्रावधानों के तहत सिटी बसों का संचालन सेलाकुई तक किया जा सकता है। महासंघ अध्यक्ष डंडरियाल का कहना है कि जब तक संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में मार्ग विस्तार का निस्तारण नहीं हो जाता है तब तक जनहित को ध्यान में रखते हुए सिटी बसों को देहरादून से सेलाकुई के भी संचालित करने की अनुमति जाए। इससे देहरादून से सेलाकुई आने जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी।