राजकीय इंटर कॉलेज कालसी में बाल शोध मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 19 प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्रों ने चार्ट पेपर पर कोण के प्रकार, गणित के सूत्र और चित्रों के साथ स्वरचित कविताएं आदि लिखीं। इसके अतिरिक्त छात्रों ने अपने-अपने स्टॉल पर स्थानीय वाद्य यंत्रों, वृक्षों की पौध और व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया गया। शनिवार को बाल शोध मेले का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि परंपरागत शिक्षा प्रणाली के साथ-साथ शोध परक और नवाचार युक्त शिक्षा प्रणाली आने वाले समय की जरूरत है। इसलिए छात्रों को शोध परक और नवाचार युक्त शिक्षा दिए जाने की आवश्यकता है। खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद जदली ने बताया कि बाल शोध मेला किस तरह शिक्षण प्रक्रिया का विस्तारित हिस्सा है। कहा कि इसको लेकर शिक्षकों में संवाद की प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए। इस मौके पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के जिला प्रमुख रविंद्र सिंह जीना, प्रधानाचार्य सचिन असवाल, सुदर्शन प्रसाद चमोली, आशीष डबराल, अनीता नेगी, पूनम घिल्डियाल आदि उपस्थित रहे।