पछवादून और जौनसार बावर में बुधवार देर शाम मौसम ने करवट ले ली। आसमान में बादल छा गए। देखते-देखते पहाड़ी इलाकों में कई स्थानों पर बारिश और हल्की ओलावृष्टि शुरू हो गई। उधर, देर रात तक मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहीं। सुबह से लेकर दोपहर तक रही गर्मी के बाद शाम को लगभग पांच बजे आसमान में बादल छाने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। जौनसार बावर क्षेत्र के कालसी तहसील मुख्यालय, कालसी बाजार, चकराता, साहिया के ग्रामीण क्षेत्र व त्यूणी तहसील के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की ओलावृष्टि भी हुई। उधर, मौसम बदलने और पहाड़ी इलाकों में बारिश का असर विकासनगर, हरबर्टपुर, सहसपुर व सेलाकुई आदि मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई दिया। कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के प्रभारी वैज्ञानिक डाॅ. एके शर्मा ने बताया कि रात के समय क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।