मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर दूसरे दिन भी हिमपात से निचले इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। रविवार शाम को मुनस्यारी में बारिश के साथ ओले भी गिरे। धारचूला की ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है।
शनिवार देर शाम से ही मुनस्यारी की पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, छिपलाकेदार आदि चोटियों पर बर्फबारी के साथ ही बारिश शुरू हो गई। ताजा हिमपात के बाद चोटियां बर्फ से ढकी नजर आ रही हैं। बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ ही सर्द हवाएं चलने से निचले इलाकों में ठंड में इजाफा हुआ है।
धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार वहां गुंजी, गर्ब्यांग, नाभी और कालापानी क्षेत्र में शनिवार की देर शाम बर्फबारी हुई। रविवार को जिले के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे हालांकि बारिश नहीं हुई।