मिसरास पट्टी के थान गांव क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए गए यूपीईएस के छह छात्र स्वारना नदी में अचानक उफान आने से जंगल में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही डाकपत्थर से पहुंची एसडीआरएफ टीम ने रात के अंधेरे में करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर दुर्गम रास्तों को पार करते हुए सभी छात्रों का सकुशल रेस्क्यू किया। चार घंटे चले इस अभियान के बाद सुरक्षित निकाले गए छात्रों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। 17 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे यूपीईएस के छात्र जसप्रीत सिंह (राजौरी, जम्मू-कश्मीर), ललित शर्मा (जयपुर, राजस्थान), वंश वर्धन (शंकरोला, केदारपुर), साहिल सोलंकी (देहरादून), ओम प्रकाश वारियर (नासिक, महाराष्ट्र) और हर्षशील सूद (कुल्लू, हिमाचल प्रदेश) स्वारना नदी क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए निकले थे। रात करीब नौ बजे वापसी के दौरान अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। ऐसे में छात्र घने जंगल में ही फंस गए। घबराहट में उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी।रात करीब 10 बजे पुलिस के साथ एसडीआरएफ डाकपत्थर यूनिट को घटना की जानकारी मिली। टीम तत्काल बचाव उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।