शनिवार की देर रात हुई बारिश के चलते जौनसार बावर और पछवादून के छह मोटर मार्ग बंद हो गए। जिसमें जौनसार का प्रमुख मोटर मार्ग अटाल-मीनस भी शामिल रहा। दोपहर तीन बजे बाद अटाल-मीनस समेत चार मोटर मार्ग पर आवाजाही बहाल कर दी गई।
बारिश के चलते मलबा आने से बीती शनिवार की रात्रि करीब 11 बजे धोईरा देऊ मोटर मार्ग किमी तीन और चार बंद हो गया। लेल्टा मंडोली मोटर मार्ग पर किमी 2, 4, 5 और 8 और कांडा टयूंटाड मोटर मार्ग किमी 10 पर मलबा आने से बाधित हो गया। लांघा से बिन्हार मटोगी मोटर मार्ग और यमुना पुल हाथीपांव मोटर मार्ग जगह-जगह मलबा आने से बाधित हो गया। लोनिवि खंड साहिया अंतर्गत मीनस अटाल मोटर मार्ग किमी 11, 16 पर मलबा आने से बंद हो गया था। मार्ग बाधित होने से करीब 60 से अधिक गांवों की आवाजाही प्रभावित हुई।
शाम तीन बजे बाद चार मोटर मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया। करीब 15 घंटे मार्ग के बाधित रहने से किसानों की नकदी फसलें समय पर मंडी तक नहीं पहुंच सकी। अटाल-मीनस मोटर मार्ग के बाधित होने से क्वाून, मीनस, अटाल, त्यूणी के साथ ही पड़ोसी राज्य हिमाचल जाने वाले लोगों को मार्ग खुलने का लंबा इंतजार करना पड़ा।
लोनिवि निर्माण खंड के सहायक अभियंता प्रदीप कुमार सैनी ने बताया कि लांघा बिन्हार मटोगी और यमुना पुल हाथीपांव मोटर मार्ग पर अधिक मलबा आया हुआ है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगा दी गई है। देर शाम तक दोनों सड़कों को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।