संबद्धता संबंधी याचिका पर एसजीआर और एमकेपी पीजी कॉलेज को भी हाईकोर्ट से स्टे मिल गया है। कोर्ट का आदेश आते ही सोमवार से एमकेपी पीजी कॉलेज में यूजी में प्रवेश के लिए छात्राओं के पंजीकरण भी शुरू हो गए हैं। वहीं, एसजीआरआर पीजी कॉलेज में पहले से ही पंजीकरण चल रहे हैं।
दरअसल हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि से संबद्ध अशासकीय कॉलेजों की संबद्धता समाप्त कर दी गई थी। इनमें दून के डीएवी, डीबीएस, एसजीआरआर, डीडब्ल्यूटी, एमकेपी कॉलेज भी शामिल थे। इसके बाद इन कॉलेजों की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर संबद्धता समाप्त नहीं करने की की मांग की गई। कोर्ट ने पहले ही डीएवी, डीबीएस और डीडब्ल्यूटी कॉलेजों को राहत देते हुए संबद्धता समाप्त करने के फैसले पर रोक लगा दी थी, जिससे इन कॉलेजों में पंजीकरण शुरू हो गए थे। वहीं सोमवार को एसजीआरआर और एमकेपी कॉलेज को भी हाईकोर्ट से स्टे मिल गया है। सभी कॉलेजों में दाखिले सीयूईटी के माध्यम से होने हैं।
एमकेपी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सरिता कुमार ने बताया कि छात्राएं कॉलेज की वेबसाइट mkpcollege.in.net पर पंजीकरण कर सकती हैं। वहीं, एसजीआरआर के प्राचार्य प्रो. प्रदीप सिंह ने बताया कि कॉलेज को स्टे मिल गया है। हालांकि कॉलेज में पंजीकरण पहले ही शुरू हो गए थे जो जारी रहेगी।
- यूजी के लिए कर सकते पंजीकरण
बता दें कि सीयूईटी यूजी और पीजी का रिजल्ट जारी हो चुका है, लेकिन इन सभी कॉलेजों में छात्र यूजी के लिए ही पंजीकरण कर सकते हैं। सभी कॉलेजों में अभी यूजी के छठे सेमेस्ट की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में पीजी के पंजीकरण परीक्षा परिणाम आने के बाद ही शुरू होंगे।