क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के पूर्व प्रवक्ता और आजीवन सदस्य संजय गुसाईं ने डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के साथ ही, सीएयू पर टीमों के चयन में प्रतिभावान खिलाड़ियों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, डीसीए अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की जगह दूसरे प्रदेश के कमजोर खिलाड़ियों को मौका दे रही है। जबकि, सीएयू के पदाधिकारियों के इशारे पर डीसीए काम कर रही है।
शनिवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए संजय गुसाईं ने कहा, अंडर-19 टीम की सूची जारी होने के बाद मनमाने ढंग से खिलाड़ियों का नाम जोड़ा गया और जो लिस्ट में पहले से शामिल थे, उनको बाहर कर दिया गया। टीम में कई खिलाड़ी हैं, जिनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। बावजूद इसके उनका चयन कर लिया गया। वहीं, सीनियर टीम में भी प्रदेश के खिलाड़ियों को मौका न देकर बाहरी प्रदेशों के खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसकी लिखित शिकायत सीएयू के अध्यक्ष, सचिव, सीईओ और मैनेजर ऑपरेशन से की गई, लेकिन कोई भी जवाब देने को तैयार नहीं है। ऐसे में खिलाड़ियों के भविष्य के लिए जरूरत पड़ी तो पूरे प्रमाण के साथ न्यायालय भी जाएंगे।
Iजिन खिलाड़ियों के दस्तावेज पूरे नहीं थे, उन्हें टीम से बाहर किया गया है। नियमों के मुताबिक ही चयनकर्ता खिलाड़ियों का चयन करते हैं। पूर्व प्रवक्ता के आरोप निराधार हैं। वे निजी हित के पूरा न होने पर मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।
I
I- विजय प्रताप मल्ल, सचिव, डीसीए व प्रवक्ता सीएयूI