राजधानी दून में नगर निगम का पुलिस व प्रशासन की मदद से पॉलीथिन विरोधी अभियान मंगलवार से शुरू हो गया। पहले दिन कुल 15 किलो पालीथिन जब्त की गई।
कुल छह दुकानों के चालान काटे गए। जुर्माने के रूप में कुल छह हजार आठ सौ रुपये वसूले गए। इससे पूर्व टीम को आते देख दुकानदार पहले ही सतर्क हो गए।
पॉलीथिन को इधर-उधर कर दिया
तकरीबन सभी अफसर जाने-पहचाने थे, लिहाजा उन्होंने आनन-फानन में पॉलीथिन को इधर-उधर कर दिया। टीम ने राजा मंडी, झंडा चौक से अपना अभियान शुरू किया।
कुछ दुकानदार पहले ही दुकानों से पॉलीथिन हटा चुके थे। पॉलीथिन विरोधी अभियान चलते देख बाजार में रेहड़ी, ठेली वाले और फुटपाथ पर सामान बेचने वाले भी इधर-उधर भागते दिखाई दिए।
जूट का थैला
दुकानों में छापेमारी कर पॉलीथिन न बेचने के लिए चेतावनी भी जारी की गई। ग्राहकों को भी जूट का थैला लेकर सामान आने को कहा गया।
अभियान टीम में अपर मुख्य नगर अधिकारी हर्षवर्धन मिश्र, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. रविंद्र सिंह आदि शामिल रहे।