पछवादून क्षेत्र में रविवार रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बरसाती नदी-नाले उफान पर आने से सहसपुर की शंकरपुर गुर्जर बस्ती और सभावाला की धोबी नाला बस्ती में रात करीब तीन बजे अचानक पानी घुस गया। गहरी नींद में सो रहे लोगों में अफरातफरी मच गई और वे किसी तरह अपनी जान व घरेलू सामान बचाने की जद्दोजहद में जुट गए। पीड़ित ग्रामीण आबिद, साजिद, साबिर, कश्मीर सिंह और रमेश ने बताया कि शिवालिक के जंगलों से धोबी नाले में तेज बहाव आता है। इसकी रोकथाम के लिए किनारों पर पुश्ता बनाया गया था। आरोप है कि रात के अंधेरे में अवैध खनन करने वालों ने पुश्ते की नींव के पत्थर उखाड़ दिए थे। इस कारण रविवार रात तेज बहाव की मार पुश्ता झेल नहीं पाया और ढह गया, जिससे पानी सीधे बस्ती में आ घुसा। गुस्साए लोगों ने जिलाधिकारी और खनन विभाग से अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न उत्पन्न् हो। उधर, बल्लूपुर-पांवटा हाईवे पर जमा बरसाती पानी सभावाला निवासी नाजनीन के घर में घुस गया, जिससे वहां रखा अनाज व अन्य कीमती सामान पूरी तरह खराब हो गया।