मसूरी मार्ग पर एक स्कूटर सवार युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पुल से नीचे गिर गया। करीब 50 मीटर नीचे गिरे युवक का सिर पत्थरों से टकराया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक खुद ही अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरा।
हादसा मसूरी मार्ग पर देहरादून चिड़ियाघर के पास स्थित पुल का है। यह पुल एक बरसाती नाले के ऊपर बना है, जिसकी नाले से ऊंचाई करीब 50 मीटर है। राजपुर पुलिस को शनिवार रात यहां स्कूटर के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने देखा कि वहां पर एक स्कूटर डिवाइडर से टकराया था। पता चला कि इसका सवार पुल के नीचे नाले में पत्थरों पर पड़ा है। पुलिस ने बेहोश पड़े युवक को उठाया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान रपतेन दर्जी निवासी मांडूवाला, प्रेमनगर के रूप में हुई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों से बात की है। उन्होंने बताया था कि रपतेन शनिवार को मसूरी घूमने गया था। वहां से आते हुए यह हादसा हो गया। अब यह हादसा है या कुछ और इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है।