माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। प्राइवेट स्कूलों पर ट्यूशन फीस के नाम पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए नेशनल एसोसिएशन फॉर पेरेंट्स एंड स्टूडेंट राइट्स ने कार्रवाई की मांग की है। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को भेजे पत्र में एसोसिएशन ने कहा कि कई स्कूल ऑनलाइन क्लास के नाम पर महज खानापूर्ति कर रहे हैं वही कई स्कूलों ने अलग-अलग मदों में ली जाने वाली फीस को ट्यूशन फीस बनाकर अभिभावकों पर जमा करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है संरक्षण ने आयोग को पत्र भेजकर स्कूलों की शिकायत की। उन्होंने कहा कि फीस वसूलने के लिए स्कूल कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। इसके अलावा कुछ स्कूलों ने फीस जमा करने और 15 जुलाई से नए सिरे से ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने के मैसेज भी अभिभावकों को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट से होने वाले नुकसान को देखते हुए ज्यादातर अभिभावक ऑनलाइन पढ़ाई के मौजूदा स्वरूप से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्य शिक्षा अधिकारी को भी पत्र भेजकर ऐसे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को स्पष्ट करना चाहिए कि वह ट्यूशन के रूप में कितनी फीस ले रहे हैं।