मुख्यमंत्री ने हरबर्टपुर शहर को बड़ा तोहफा दिया है। शासन ने कार्यालय, आवासीय भवन, ठोस अपशिष्ट संयंत्र, सड़क, पुलिया, स्ट्रीट लाइट, डिवाइडर, फुटपाथ समेत करोड़ों रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक में पास किए गए प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने घोषणाएं की थी। नगर पालिका चुनाव के दौरान हरबर्टपुर में प्रचार के लिए मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, तत्कालीन शहरी विकासनगर मंत्री आदि बड़े नेता आए थे। सभी ने अपने भाषण में हरबर्टपुर को विकसित शहर बनाने दावा किया था। वहीं, शपथ ग्रहण समारोह मेंं नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी ने कहा था कि शहर में जनता जैसा चाहेगी वैसा विकास होगा। एक मार्च को नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक हुई थी। बोर्ड बैठक के दौरान सात करोड़ रुपये से नगर पालिका कार्यालय और आवासीय भवन निर्माण, पांच करोड़ रुपये से वार्डों की कच्ची व क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पांच करोड़ रुपये से देहरादून, विकासनगर, सहारनपुर रोड पर एलईडी और चार हाईमास्ट लाइट लगाने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 3.27 करोड़ रुपये ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र का निर्माण, देहरादून, विकासनगर, सहारनपुर रोड नाले, फुटपाथ व डिवाइडर का निर्माण और पांच करोड़ रुपये से उदियाखाला में सुरक्षा दीवार और पुलियाओं के निर्माण के प्रस्ताव पास किए गए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक अप्रैल 2025 को सभी कार्यों की घोषणा की थी। अब, नगर पालिका के सभी प्रस्तावों के तहत होने वाले कार्यों को शासन की ओर स्वीकृति मिल गई है।