राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान में अमर उजाला की ओर से हरेला पर्व पर पौधरोपण किया गया। दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर हरियाली का संकल्प लिया।
दिव्यांग छात्रों ने कहा, हरियाली के हरे रंग को वह बेशक न देख सकें, लेकिन हरियाली की बखूबी महसूस करते हैं। पेड़ों से होने वाले लाभों से वह अच्छी तरह वाकिफ हैं। उन्होंने कहा, समाज का हर वर्ग पौधरोपण में अपनी सहभागिता निभा रहा है। इसलिए वह भी इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। छात्रों ने आंवला, कनेर, अर्जुन आदि के पौधे रोपे।
संस्थान के निदेशक मनीष वर्मा ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण जरूरी है। अगर पेड़ों को संरक्षित नहीं किया गया तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढि़यों को भुगतने पड़ेंगे। प्रिंसिपल अमित कुमार और कोच नरेश सिंह नयाल ने कहा कि अधिक से अधिक से पौधे रोपकर पर्यावरण का संरक्षण करना होगा। छात्र अमित दुबे ने कहा, हरियाली के महत्व से हम अनजान नही हैं। हम सबको पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर अधिक से अधिक पौधे रोपने चाहिए, ताकि हमारी धरा हरा-भरा बना सकें। छात्रा शेजल व सोनाली ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण जरूरी है।
Iमुस्लिम कॉलोनी एवं मॉडर्न मदरसे में पोधरोपण कियाI
मुस्लिम कॉलोनी एवं मॉडर्न मदरसे में वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स के नेतृत्व में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि आधुनिक मदरसे से युवाओं का भविष्य संवरेगा। निवर्तमान मेयर सुशील उनियाल गामा ने कहा कि कोरोनाकाल में पेड़ों की अहमियत का पता लगा। डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा एक पेड़ मां के नाम अभियान को आगे तक लेकर चलना है। उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री कैलाश पंत, बाल एवं महिला संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, सुभाष बडथ्वाल, हिमांशु अग्रवाल, मुफ्ती सलीम कासमी, नदीम जैदी, गुलफाम शेख, मुस्तकीम आदि मौजूद रहे।
Iदीनदयाल पार्क में लगाए गए औषधीय पौधेI
गांधी रोड स्थित दीनदयाल पार्क में बुधवार को बहेड़ा, अर्जुन, आंवला के पौधे रोपे गए। पिछड़ा वर्ग आयोग पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि यह अभियान हर रोज चलना चाहिए। इसमें आम लोगों की सहभागिता बेहद जरूरी है। उत्तराखंड आंदोलनकारी मंच के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुकरेती, महानगर सिटी बस यूनियन के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल, एडवोकेट दिवाकर पैन्यूली, एडवोकेट शिवा वर्मा, राजेश, श्याम सुंदर, जसपाल खंडूजा, ज्योति नरूला, राजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
Iआसन नदी के तट पर किया पौधरोपणI
गंगा समग्र उत्तराखंड प्रांत की ओर से हरबर्टपुर में आसन नदी के तट पर 500 पौधों को रोपा गया। संस्था पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों को पौधों के महत्व समझाते कहा कि पेड़ नदी के किनारे मिट्टी के कटाव को रोकते हैं। प्रदूषण को कम करने के साथ ही पौधे ऑक्सीजन के स्तर को बढ़ाते हैं। राष्ट्रीय सह संपर्क प्रमुख नारायण प्रकाश, प्रांत संरक्षक तेजोराज पटवाल, कार्यवाहक प्रांत संयोजक उऋण सिंह, प्रांत प्रमुख सुदीप जुगरान, शांतनु गोयल, रेशु चौधरी, विजय रावत, भूपेंद्र भट्ट आदि मौजूद रहे।