नगर पंचायत क्षेत्र में कूड़ा उठान कंपनी के सफाईकर्मी आगामी बुधवार तक वेतन भुगतान के आश्वासन पर वापस लौट आए हैं। लेकिन, अब वार्डों में सफाई करने करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को नगर पंचायत कार्यालय में मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
बुधवार को कूड़ा निस्तारण कंपनी जीरो वेस्ट के सफाईकर्मियों और चालकों ने वेतन की मांग के लिए हड़ताल किया था। इससे क्षेत्र में कूड़ा उठान व्यवस्था चौपट हो गई थी। नगर पंचायत के आश्वासन के बाद कूड़ा उठान व्यवस्था बहाल हो गई। लेकिन, अब अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के आह्वान पर नगर पंचायत के 34 आउटसोर्स सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सफाईकर्मियों ने कहा कि वह शासन और निकाय प्रशासन से उनकी विभिन्न मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों से केवल आश्वासन ही मिलता है। कहा कि रयाल कमेटी की सिफारिश और हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार दस वर्ष से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किया जाए। इसके साथ निकायों में ठेका प्रथा पर भी रोक लगनी चाहिए। कहा कि कर्मचारियों को उपनल में पंजीकृत करने के साथ श्रमिकों को 500 रुपये प्रतिदिन, सुपरवाइजर और चालक को 555 रुपये प्रतिदिन की दैनिक मजदूरी दर से मासिक वेतन का भुगतान किया जाए।
कर्मचारियों ने सामाजिक सुरक्षा और श्रम अधिनियमों के लाभ देने की मांग की। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से वार्डों की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। वार्डों में सफाई और सड़कों से कूड़ा एकत्र न होने लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों में राजपाल सिंह, करम सिंह, सुपरवाइजर राजेश, लोकेश, शिव कुमार, सुनील, संजय, गोपाल, उमेश, रोहित आदि शामिल रहे।
कूड़ा उठान कंपनी के कर्मचारी आगामी बुधवार तक वेतन भुगतान के आश्वासन पर काम पर वापस लौट आए है। कार्य बहिष्कार कर रहे 34 सफाईकर्मियों से वार्ता चल रही है। कर्मचारियों से काम पर वापस लौटने की अपील की गई है।
एमएल शाह, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत सेलाकुई