देहरादून। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपने विचारों और तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया। साइकोलॉजी सेकेंड सेमेस्टर की रूद्राक्षी पटनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एचएम सिक्स्थ सेमेस्टर के साहिल थापा दूसरे और बायोटेक सेकेंड सेमेस्टर के संस्कृत्य राज तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के 84 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, खेल, समाज, संस्कृति जैसे विषयों समेत विभिन्न सामाजिक, समसामयिक और शैक्षणिक विषयों पर अपनी तार्किक क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन तार्किक सोच, विषय की समझ, प्रभावी संवाद शैली और प्रस्तुति के आधार पर किया। प्रतियोगिता में डाॅ. सुमन नैथानी, डाॅ. गौरव डिमरी, नेहा पांडे, डाॅ. भारती शर्मा, डाॅ. शाहबाज बेगम आदि मौजूद रहे।